दुधली-डोईवाला मार्ग पर गुलदार देखा, रिहायशी क्षेत्र में दहशत

देहरादून/डोईवाला : दुधली-डोईवाला मार्ग पर गुरुवार सुबह एक गुलदार सड़क पर टहलता हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी वरिष्ठ भाजपा नेता समर महंत ने दी। उन्होंने बताया कि गुलदार उनके आवास की ओर बढ़ता हुआ देखा गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है।

रिहायशी क्षेत्र में बढ़ी हलचल

समर महंत ने कहा कि क्षेत्र में वन्यजीवों की पर्याप्त संख्या होने के बावजूद गुलदार का मानव बस्ती की ओर आना सामान्य नहीं माना जा सकता। उनका अनुमान है कि लगातार हो रही बारिश के बीच गुलदार पालतू जानवरों या आसान शिकार की तलाश में रिहायशी क्षेत्र की ओर पहुंचा होगा।

स्कूलों के आसपास सतर्कता की जरूरत

उन्होंने बताया कि जिस समय गुलदार की आवाजाही देखी गई, उसी समय स्कूली बच्चों के स्कूल जाने का समय था। हालांकि भारी बारिश के चलते जिलाधिकारी द्वारा स्कूलों में अवकाश घोषित किए जाने से संभावित खतरा टल गया। क्षेत्र में दो बड़े स्कूल होने के कारण विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई गई है।

वन विभाग और प्रशासन से निगरानी बढ़ाने की मांग

समर महंत ने वन विभाग से वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही ग्राम पंचायत और स्थानीय पुलिस प्रशासन से भी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने की अपील की गई है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें