देहरादून/डोईवाला। मोथरोवाला-दुधली मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए विकासखंड डोईवाला प्रमुख गौरव चौधरी की पहल पर नौका और शतीवाला वन चौकी के पास हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।
अपराध और वन्यजीव गतिविधियों पर रहेगी नजर
प्रस्तावित कैमरों के माध्यम से क्षेत्र में होने वाली आपराधिक गतिविधियों, वन्यजीवों की आवाजाही, नशे के कारोबार और तस्करी जैसी घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी। कैमरे सीधे नेहरू कॉलोनी और डोईवाला पुलिस से जुड़े होंगे, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।
जनप्रतिनिधियों को भी मिलेगी निगरानी की सुविधा
इस व्यवस्था से जनप्रतिनिधियों को भी अपने क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों की जानकारी मिल सकेगी। लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों, महिलाओं और स्कूली बच्चों ने इस पहल का स्वागत किया है।
24 घंटे निगरानी करेगी हाईटेक प्रणाली
विकासखंड प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में आपराधिक तत्वों को किसी भी कीमत पर सक्रिय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। लगाए जाने वाले हाईटेक कैमरे वाई-फाई से जुड़े होंगे, जिनकी रिकॉर्डिंग क्षमता बेहतर होगी और वे रात के अंधेरे में भी स्पष्ट दृश्य रिकॉर्ड कर सकेंगे। ये कैमरे 24 घंटे पुलिस कंट्रोल रूम को निगरानी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
