पोखरी में शिवमहापुराण कथा के तहत भव्य जल कलश यात्रा, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा क्षेत्र

पोखरी (चमोली)। पुष्करेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित शिवमहापुराण कथा के अंतर्गत बुधवार को मयानी जलकुंड से भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भव्य जल कलश यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा से पहले वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कलशों का पूजन-अर्चन किया गया।

‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

पूजन के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने सिर पर पवित्र जल से भरे कलश धारण कर भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ पुष्करेश्वर महादेव मंदिर तक यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

शिवमहापुराण कथा में पहुंचे विधायक अनिल नौटियाल

शिवमहापुराण कथा में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने पहुंचकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया और कथा श्रवण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, जिला पंचायत सदस्य विक्रम कठैत, अरुण मैठाणी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नगरवासी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ते हैं: विधायक

विधायक अनिल नौटियाल ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना करते हुए कहा कि शिवमहापुराण जैसी धार्मिक कथाएं समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करती हैं।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें