उत्तरकाशी। त्योहारी सीजन के दौरान नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने मोरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन से चरस की तस्करी कर रहे हरियाणा के पानीपत निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 1 किलो 647 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है।
चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो से बरामद हुई चरस
पुलिस के अनुसार, मोरी पुलिस टीम मोरी-नेटवाड़ रोड पर देई झूला पुल जाने वाले रास्ते के समीप सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या HR 60P 0429 (स्कॉर्पियो) की जांच की गई। वाहन से अवैध चरस बरामद होने पर उसमें सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघव (21 वर्ष), सन्नी (25 वर्ष) और हिमांशु (22 वर्ष), निवासी पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया गया है।
नशामुक्त अभियान के तहत लगातार कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ एवं नशामुक्त अभियान के तहत जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, त्योहारी सीजन को देखते हुए नशे के अवैध कारोबार और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
