कर्णप्रयाग। नगर क्षेत्र के सुभाषनगर में बुधवार को बंदरों के झुंड ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर बंदरों को भगाया। इसके बाद घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्णप्रयाग ले जाया गया।
रास्ते में महिला को बंदरों ने घेरा
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे महिला घर से कुछ दूरी पर ऊपर की ओर रास्ते पर गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद चार बंदरों ने अचानक उसे घेर लिया और उसकी ओर झपट पड़े।
महिला के अनुसार, एक बंदर उसकी पीठ पर चढ़ गया, जबकि दो बंदरों ने सामने से हमला किया। इसी बीच एक बंदर उसके सिर की ओर चला गया। हमले के दौरान बंदरों के नाखून लगने से महिला के माथे और सिर के ऊपरी हिस्से में चोटें आईं।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बंदरों को भगाया। इसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्णप्रयाग ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और आवश्यक इंजेक्शन लगाए।
घरों और फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे बंदर
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुभाषनगर समेत आसपास के इलाकों में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बंदर घरों में घुसकर सामान उठा ले जाते हैं और नुकसान पहुंचाते हैं। इसके अलावा खेतों और बगीचों में खड़ी सब्जियों, फलों तथा अन्य फसलों को भी बर्बाद कर रहे हैं।
लोगों के मुताबिक, कई बार बंदर छतों और पेड़ों से सामान गिरा देते हैं। लोगों को दौड़ाने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
स्थायी समाधान की मांग
बंदरों के बढ़ते आतंक से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से क्षेत्र में बंदरों की समस्या का सर्वे कराने, प्रभावी कार्रवाई करने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
