गुडम–नैल मोटर मार्ग के भूस्खलन पर संयुक्त निरीक्षण, बरसात के बाद होगी मरम्मत

चमोली। विकासखंड के गुडम–नैल मोटर मार्ग के बधाणा क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन और सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पीएमजीएसवाई, सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया।

सड़क सुधार और सुरक्षा दीवार निर्माण का आश्वासन

निरीक्षण के दौरान पीएमजीएसवाई अधिकारियों ने बरसात समाप्त होने के बाद सड़क के सुधारीकरण, डामरीकरण, भू-धंसाव रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल निर्माण तथा वर्षा जल निकासी के लिए स्कपर (Scupper) बनाने का आश्वासन दिया। वहीं सिंचाई विभाग ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण कराने की बात कही।

काम में देरी हुई तो आंदोलन की चेतावनी

जिला पंचायत सदस्य दिव्या भारती ने कहा कि गुडम–नैल मोटर मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बरसात के बाद पीएमजीएसवाई ने शीघ्र सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं किया, तो ग्रामीणों के साथ विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएं।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें