चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन वात्सल्य, पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना सहित बाल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और मामलों की समीक्षा की गई।
पात्र बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मिशन वात्सल्य के तहत जनपद के 184 पात्र लाभार्थियों को शीघ्र चिन्हित कर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्रों के अभाव में कोई भी पात्र बच्चा योजना से वंचित न रहे और इसके लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं।
बाल संरक्षण और पुनर्वास व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत संस्थागत देखभाल, दत्तक ग्रहण, बाल गृह, सम्प्रेक्षण गृह और फॉस्टर केयर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों और बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रचार-प्रसार पर जोर
जिलाधिकारी ने संकटग्रस्त बच्चों की सहायता के लिए संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद बच्चों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
