बागेश्वर पुलिस ने गोमती नदी से बरामद किया लापता युवक का शव, महिला समेत दो गिरफ्तार

बागेश्वर। बागेश्वर पुलिस ने करीब दो सप्ताह से लापता युवक का शव गोमती नदी से बरामद किया है। पुलिस ने मामले में हत्या के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर 3 नवंबर की शाम युवक का शव नदी के पास से बरामद किया गया। घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और कार भी बरामद की गई है।

17 अक्टूबर से लापता था युवक

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को नंदी परिहार पत्नी गोविंद सिंह निवासी तल्ली बाजार, बागनाथ वार्ड ने अपने 35 वर्षीय पुत्र धीरेन्द्र परिहार उर्फ कक्कू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका पुत्र 17 अक्टूबर को शाम करीब छह बजे बागेश्वर बाजार जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली बागेश्वर में एफआईआर संख्या 79/26 के तहत बीएनएस की धारा 140(3) में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। गुमशुदा युवक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी से मिला सुराग

पुलिस टीम ने गुमशुदा की तलाश के लिए मोबाइल सर्विलांस, फोन नंबरों के तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। जांच में सामने आया कि युवक की एक संदिग्ध नंबर से लगातार बातचीत होती थी और लापता होने के दिन आखिरी बार भी उसी नंबर पर बात हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, जांच में यह नंबर नुमाईशखेत निवासी लता भंडारी के नाम पर दर्ज मिला। इसके बाद पुलिस ने महिला के घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान युवक की जूपिटर स्कूटी 2 नवंबर को चिल्ड्रन पार्क, नुमाईशखेत के पास खड़ी मिली।

पूछताछ में महिला ने बताई वारदात की कहानी

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में 19 अक्टूबर की रात संदिग्ध महिला की कार को आते-जाते देखा गया। इसके बाद महिला से दोबारा पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में महिला ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेन्द्र नशे की हालत में उसके घर आया था। महिला के कथन के अनुसार, जब युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की तो गुस्से में आकर उसने घर में रखी लोहे की रॉड से उसके सिर पर दो वार किए, जिससे वह गिर पड़ा।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने बताया कि युवक के होश में नहीं आने पर उसने शव को चारपाई के नीचे छिपा दिया। अगले दिन उसने अपने भाई त्रिभुवन उर्फ बबलू को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि 19 अक्टूबर की रात दोनों ने शव को मैग्नाइट कार की पिछली सीट पर रखा और बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पर थुनाई बैंड के पास से नदी में फेंक दिया।

आरोपियों की निशानदेही पर शव और साक्ष्य बरामद

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चलाए गए सर्च अभियान के बाद 3 नवंबर की शाम युवक का शव सड़ी-गली अवस्था में नदी के पास से बरामद किया गया। पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और कार भी बरामद की है।

मामले में दर्ज मुकदमे को बीएनएस की धारा 103(1), 238 और 61(2) के तहत तरमीम किया गया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय ने विवेचना अपने हाथ में लेते हुए वैज्ञानिक एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की। शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. लता भंडारी (42 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय मोहित भंडारी, निवासी नुमाईशखेत, बागेश्वर।
  2. त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू बिष्ट (39 वर्ष), पुत्र मदन सिंह बिष्ट, निवासी कठायतबाड़ा, बागेश्वर।

? व्हाट्सऐप पर शेयर करें