नंदा देवी देवराड़ा में लोकजात यात्रा-2026 का दिन पट्टा जारी, 5 से 25 सितंबर तक होगी यात्रा

चमोली। नंदा देवी राजराजेश्वरी सिद्धपीठ देवराड़ा में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में लोकजात यात्रा-2026 का दिन पट्टा जारी किया गया। नंदा देवी राजराजेश्वरी समिति के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील रावत, सचिव पृथ्वी सिंह रावत, 14 सयानों, मंदिर समिति और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में यह घोषणा की गई।

5 से 25 सितंबर तक चलेगी लोकजात यात्रा

पूजा-अर्चना के बाद आयोजित बैठक में यात्रा के पड़ावों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 5 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक लोकजात यात्रा आयोजित होगी। अनंत चतुर्दशी के दिन मां नंदा राजराजेश्वरी की डोली सिद्धपीठ देवराड़ा स्थित गर्भगृह में विराजमान होगी।

2027 में होगी नंदा देवी राजजात यात्रा

समिति के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील रावत ने बताया कि राजजात यात्रा परंपरा के अनुसार निर्धारित समय पर होती है, जबकि लोकजात यात्रा का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। उन्होंने यात्रा मार्ग के पड़ावों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और सुगम रास्तों जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग शासन-प्रशासन से की।

केंद्रीय सचिव पृथ्वी सिंह रावत ने कहा कि लोकजात यात्रा को भव्य और दिव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जाएंगी। वहीं देवराड़ा मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन चंद्र हटवाल ने बताया कि विभिन्न बैठकों और गौड़ ब्राह्मणों से विचार-विमर्श के बाद इस वर्ष लोकजात और 2027 में नंदा देवी राजजात यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें