आज पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा चारधाम यात्रा के दृष्टिगत फायर स्टेशन गोपेश्वर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम फायर स्टेशन परिसर, कर्मचारी बैरक, भोजनालय, एमटी गैराज एवं वाचरूम ड्यूटी कक्ष का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वाचरूम ड्यूटी कक्ष में स्थापित संचार उपकरणों के संचालन के संबंध में कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए, फायर स्टेशन पर उपलब्ध सभी अग्निशमन वाहनों, उपकरणों एवं आपदा प्रबंधन संसाधनों का निरीक्षण कर उनकी कार्यशील स्थिति की जांच की गई तथा उपकरणों को सदैव क्रियाशील अवस्था में बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फायर कर्मियों से अग्निशमन एवं आपदा उपकरणों का संचालन कराकर उनकी दक्षता का परीक्षण किया गया तथा सभी कर्मियों को प्रत्येक उपकरण की पूर्ण जानकारी रखने एवं नियमित अभ्यास करने के निर्देश दिए गए, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान त्वरित एवं प्रभावी रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जा सके।
प्रभारी फायर स्टेशन गोपेश्वर को चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद के होटल, होमस्टे, धर्मशालाओं एवं यात्रियों के ठहरने के अन्य स्थानों पर अनिवार्य रूप से फायर सेफ्टी ऑडिट कराने तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया गया।
आगामी फायर सीजन को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए तथा वनाग्नि जैसी घटनाओं की रोकथाम हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अग्नि/आपदा घटना से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “चमोली जैसे पर्वतीय जनपद में प्राकृतिक आपदाओं एवं अग्नि घटनाओं की संभावनाएं बनी रहती हैं, ऐसे में चारधाम यात्रा के दौरान फायर सर्विस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। आग लगने अथवा किसी भी आपदा की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी रेस्क्यू कार्य किए जाने तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को चारधाम यात्रा के दृष्टिगत शारीरिक एवं मानसिक रूप से पूर्णतः तैयार रहने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।”
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
