चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन वात्सल्य, पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, अनाथ प्रमाण पत्र, बाल संरक्षण सेवाओं तथा किशोर न्याय से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
184 पात्र लाभार्थियों को शीघ्र मिले योजनाओं का लाभ
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मिशन वात्सल्य के अंतर्गत जनपद को प्राप्त 184 पात्र लाभार्थियों को शीघ्र चिन्हित कर सभी को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा आवश्यक प्रमाण पत्र के अभाव में योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए कैंप मोड में विशेष शिविर आयोजित कर सभी आवश्यक प्रमाण पत्र समयबद्ध रूप से बनाए जाएं।
बाल संरक्षण और पुनर्वास व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत संचालित सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संस्थागत देखभाल, विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण (स्पेशलाइज्ड एडॉप्शन एजेंसी), बाल गृह, सम्प्रेक्षण गृह तथा फॉस्टर केयर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास से जुड़े सभी प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाल विवाह, पॉक्सो और बाल भिक्षावृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के बच्चों के लिए श्रम कानूनों के अनुरूप शिक्षा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम के मामलों तथा बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
किशोर न्याय मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर
बैठक में किशोर न्याय बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
बैठक के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए बताया गया कि संकटग्रस्त एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की सहायता के लिए यह हेल्पलाइन 24 घंटे उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि जरूरतमंद बच्चों तक समय पर सहायता पहुंच सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी हिमांशु बडोला, सुरेंद्र चंद्र कुनियाल, राकेश लाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
