चमोली: पोखरी की ग्राम पंचायत पाब में शराबबंदी और स्वच्छता पर महत्वपूर्ण बैठक, 10 हजार जुर्माने का प्रावधान

चमोली।
चमोली जनपद के विकासखंड पोखरी की ग्राम पंचायत पाब में महिला मंगल दल की अध्यक्ष ज्योति भंडारी की अध्यक्षता एवं ग्राम प्रधान राधी देवी की मौजूदगी में शराबबंदी और स्वच्छता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से कई अहम निर्णय लिए।

सामाजिक आयोजनों में भी शराब पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में सांस्कृतिक, धार्मिक, शादी-विवाह सहित किसी भी सामाजिक आयोजन में शराब का पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही यह भी तय किया गया कि यदि कोई व्यक्ति गांव में शराब के नशे में पाया गया या शराबबंदी से जुड़े नियमों का उल्लंघन करता है, तो उससे ₹10,000 का जुर्माना वसूला जाएगा।

स्वच्छता बनाए रखने का लिया संकल्प

बैठक में ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई। महिलाओं ने समाज को नशामुक्त बनाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

ग्रामीणों ने लिया भाग

बैठक में ग्राम पंचायत की समस्त महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें