चमोली।
नगर पालिका परिषद गोपेश्वर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत निकाय स्तरीय लोक कल्याण मेले का आयोजन पालिका अध्यक्ष संदीप रावत की अध्यक्षता में किया गया। मेले में स्ट्रीट वेंडरों को पीएम स्वनिधि पुनर्गठित योजना, डिजिटल लेन-देन, क्रेडिट सुविधाओं तथा स्वनिधि से समृद्धि अभियान के तहत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
योजना के लाभों की दी विस्तृत जानकारी
सिटी मिशन मैनेजर सुरेन्द्र पंवार ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उपलब्ध ऋण सुविधाओं एवं भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों तक योजना का लाभ पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं अब सरल और पारदर्शी तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रही हैं।
स्वनिधि से समृद्धि की योजनाओं के लिए किया प्रेरित
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत ने वेंडरों को स्वनिधि से समृद्धि के तहत संचालित आठ प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा मानकों एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वास्थ्य शिविर और मातृ वंदना योजना की भी दी जानकारी
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी गई। साथ ही जिला अस्पताल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में स्ट्रीट वेंडरों एवं उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
बड़ी संख्या में वेंडरों ने किया प्रतिभाग
मेले में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बैंक प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडरों ने प्रतिभाग किया और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सभासद दीपक सिंह, सूर्या पुरोहित सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
