देहरादून: शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत मामले में पति और ननद गिरफ्तार, दहेज प्रताड़ना का आरोप

देहरादून। हर्रावाला क्षेत्र में नवविवाहित सरकारी स्कूल की शिक्षिका सृष्टि कंडारी (खत्री) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके पति सौरभ खत्री, जो सचिवालय में निजी सचिव हैं, तथा उनकी ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म के निवासी हैं।

तंत्र-मंत्र के एंगल की भी हो रही जांच

पुलिस इस मामले में तंत्र-मंत्र से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में अभी जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

दहेज प्रताड़ना के लगाए गए आरोप

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सृष्टि टिहरी गढ़वाल के विकासखंड कीर्तिनगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज रिगोली (मल्ली) में शिक्षिका थीं।

शिकायत के अनुसार, विवाह के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार के लोग उन्हें ‘मनहूस’ कहकर अपमानित करते थे और ससुर की बीमारी व मृत्यु जैसी घटनाओं के लिए भी जिम्मेदार ठहराते थे।

29 जुलाई को हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि 29 जुलाई को सृष्टि की हत्या कर दी गई, जिसमें उनके पति, सास, ननद और अन्य परिजनों की भूमिका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

वायरल वीडियो के बाद तेज हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, मौत से पहले सृष्टि ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने पति, सास और ननद पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया।

सास की भूमिका की भी जांच जारी

घटना के समय सौरभ खत्री अपने पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार की क्रिया में शामिल था, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। वहीं, पुलिस ने बताया कि मामले में सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक हलचल मच गई है और मामले को लेकर लोगों में भी रोष देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें