गौचर: विनोद सिंह मटूड़ा को एससीईआरटी में उपनिदेशक पद पर नियुक्ति, डायट परिवार ने दी भावभीनी विदाई

📍 गौचर (चमोली)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली, गौचर में विकासखंड पोखरी के खंड शिक्षा अधिकारी तथा कर्णप्रयाग एवं गैरसैंण के प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी रहे विनोद सिंह मटूड़ा के राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), देहरादून में उपनिदेशक पद पर नियुक्त होने पर संस्थान परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

🎓 शैक्षिक योगदान को किया गया याद

विदाई समारोह में वक्ताओं ने खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में गैरसैंण, कर्णप्रयाग और पोखरी में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए उनके प्रशासनिक एवं शैक्षिक योगदान की सराहना की। साथ ही जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में उनकी सक्रिय भूमिका और नवाचारों की प्रशंसा की गई।

🌟 ‘नवाचारों को हमेशा दिया बढ़ावा’

संस्थान के प्रभारी प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी ने कहा कि विनोद सिंह मटूड़ा अपनी विशिष्ट कार्यशैली और नवाचारी सोच के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी होने के बावजूद श्री मटूड़ा ने हमेशा शैक्षिक गतिविधियों में विशेष रुचि ली और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर प्रयास किए।

उन्होंने विश्वास जताया कि एससीईआरटी में उपनिदेशक के रूप में भी श्री मटूड़ा शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेंगे और अपने नवाचारों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देंगे।

📚 विदाई समारोह में साझा किए अनुभव

इस अवसर पर विनोद सिंह मटूड़ा ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्हें लगातार सीखने और नवाचार करने के अवसर मिले। उन्होंने बताया कि डायट के माध्यम से उन्हें राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट का दो बार शैक्षणिक भ्रमण करने, मेघालय के शैक्षणिक अध्ययन दौरे में शामिल होने तथा बच्चों के लिए प्रतियोगी परीक्षा पुस्तिका ‘फ्योंली’ के निर्माण जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि वे हमेशा डायट से जुड़े रहे और संस्थान के पुस्तकालय सहित विभिन्न शैक्षिक संसाधनों का भरपूर उपयोग कर अपने ज्ञान और अनुभव को समृद्ध किया।

👥 ये रहे उपस्थित

विदाई समारोह में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश सती, वरिष्ठ संकाय सदस्य रविंद्र सिंह बर्त्वाल, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, सुबोध कुमार डिमरी सहित संस्थान परिवार के समस्त डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ संकाय सदस्य योगेंद्र सिंह बर्त्वाल ने किया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें