CM धामी ने खटीमा में सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा पहुंचकर लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता के साथ त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

उन्होंने कहा कि सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ लोगों को उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर जनप्रतिनिधियों से चर्चा

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई और अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में प्राथमिकता तथा पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री संतोष गौरव, फरजाना बेगम, नगर पंचायत नानकमत्ता के अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना, जिला पंचायत सदस्य भास्कर सम्भल, रमेश चंद्र जोशी, रनदीप पोखरिया, अमित पांडे और भवानी भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, वीसी जय किशन और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें