देहरादून। समर वैली स्कूल में नाबालिग छात्राओं के साथ शिक्षक द्वारा कथित छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार के गंभीर मामले का उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकरण की जानकारी मिलने के बाद महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) जया बलूनी से फोन पर वार्ता कर मामले की जानकारी ली और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
वार्ता के दौरान एसपी जया बलूनी ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम समेत संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम मामले में कार्रवाई कर रही है।
महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने आरोपी शिक्षक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान में छात्राओं के साथ इस तरह का अशोभनीय व्यवहार बेहद शर्मनाक, निंदनीय और अक्षम्य है। बालिकाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
विद्यालय प्रबंधन और आईसीसी की भूमिका की होगी जांच
कुसुम कंडवाल ने इस बात पर भी चिंता जताई कि छात्राओं के साथ कथित तौर पर लंबे समय से हो रहे अनुचित व्यवहार का संज्ञान विद्यालय स्तर पर पहले क्यों नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा कि मामले को दबाने, आरोपी शिक्षक का बचाव करने और छात्राओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के आरोप गंभीर हैं। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। साथ ही, विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की भूमिका की भी पड़ताल होगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला आयोग अध्यक्ष करेंगी विद्यालय का दौरा
महिला आयोग अध्यक्ष ने बताया कि वह स्वयं विद्यालय जाकर घटनाक्रम की समीक्षा करेंगी। प्रभावित नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा, मानसिक संबल और गरिमा को प्राथमिकता देते हुए उनकी विशेषज्ञों से विशेष काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को भय और मानसिक दबाव से मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी शिक्षा जारी रख सकें और अपनी बात खुलकर रख सकें।
बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
कुसुम कंडवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए महिला आयोग आवश्यक कदम उठाएगा और मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
