देहरादून: रितु गुजराल फाउंडेशन की ओर से ‘विधि पाठशाला 5.0 – युवा विधि सम्मेलन’ का आयोजन—न्यायमूर्ति राजेश टंडन रहे मुख्य अतिथि

देहरादून, 21 सितंबर 2026। रितु गुजराल फाउंडेशन की ओर से लीची बाग, हाथीबड़कला रोड, दिलाराम क्रॉसिंग, देहरादून में ‘विधि पाठशाला 5.0 – युवा विधि सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य युवा विधि विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए कानूनी शोध, केस स्टडी, डिजिटल साक्ष्य, संवैधानिक अधिकारों और कानून के व्यावहारिक अनुप्रयोग से जोड़ना रहा।

यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के My Bharat तथा नमामि गंगे के सहयोग से आयोजित किया गया।

न्यायमूर्ति राजेश टंडन रहे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति राजेश टंडन (सेवानिवृत्त), पूर्व न्यायाधीश, उत्तराखंड उच्च न्यायालय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा जोशी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के चेयरपर्सन एडवोकेट राकेश गुप्ता ने की।

सम्मेलन में हेड ज्यूरी के रूप में राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के पूर्व सदस्य एडवोकेट आर. एस. राघव रहे। ज्यूरी सदस्यों में पूर्व सूचना आयुक्त एडवोकेट विवेक शर्मा तथा जिला एवं सत्र न्यायालय के सहायक अभियोजन अधिकारी एडवोकेट भानु प्रताप बिष्ट शामिल रहे।

शोध, केस स्टडी और टीम आधारित गतिविधियों से सीखा कानून

सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों को कानूनी शोध, केस स्टडी, साइबर कानून, डिजिटल साक्ष्य, संवैधानिक अधिकार और कानून के व्यावहारिक अनुप्रयोग से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला।

टीम आधारित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी मुद्दों का विश्लेषण करते हुए अपने तर्क और समाधान प्रस्तुत किए। इन गतिविधियों के माध्यम से उनके शोध, विश्लेषण, तार्किक सोच और प्रस्तुति कौशल को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

नौ विधि शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

सम्मेलन में देहरादून के नौ प्रमुख विधि शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें शामिल रहे:

  • उत्तरांचल लॉ कॉलेज
  • देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी
  • सिद्धार्थ लॉ यूनिवर्सिटी
  • ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी
  • माया देवी यूनिवर्सिटी
  • डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी
  • जगन्नाथ विश्व लॉ कॉलेज
  • डीडी लॉ कॉलेज
  • आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी

विद्यार्थियों के साथ उनके संबंधित कॉलेजों के प्रोफेसर्स और हेड ऑफ द डिपार्टमेंट (लॉ) ने मेंटर्स के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और सहयोग किया।

न्यायमूर्ति राजेश टंडन का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान रितु गुजराल फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष अधिवक्ता रितु गुजराल तथा फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष धीरज गुजराल ने माननीय न्यायमूर्ति राजेश टंडन को सम्मानित किया।

इस अवसर पर फाउंडेशन की चेयरपर्सन अधिवक्ता रितु गुजराल ने कहा कि ‘विधि पाठशाला’ के माध्यम से फाउंडेशन का निरंतर प्रयास है कि युवा विद्यार्थियों को अनुभवी विधिवेत्ताओं के मार्गदर्शन में सीखने, प्रश्न करने, शोध करने और अपनी कानूनी सोच विकसित करने के अवसर मिलें।

कार्यक्रम में विधि, न्याय और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों और विशिष्ट व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें