पोखरी (चमोली)। चमोली जिले की पोखरी पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली का परिचय देते हुए रास्ता भटके एक किशोर को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की है। पुलिस की तत्परता और आत्मीय व्यवहार के चलते परिवार को बड़ी राहत मिली।
मोहनखाल में अकेला मिला किशोर
शनिवार प्रातः थाना पोखरी क्षेत्र के मोहनखाल कस्बे में चौकी मोहनखाल पर तैनात होमगार्ड जवान दिनेश लाल ने सड़क किनारे एक बेंच पर लगभग 15-16 वर्षीय किशोर को अकेले लेटा हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों को दी।
सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल महेंद्र कुमार किशोर को चौकी लेकर आए और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आत्मीयता के साथ अपने संरक्षण में रखा।
धैर्य और अपनत्व से की पहचान
पुलिस के अनुसार किशोर मानसिक रूप से असहज प्रतीत हो रहा था और अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। ऐसे में पुलिस कर्मियों ने धैर्य, स्नेह और संवेदनशीलता के साथ उससे बातचीत की तथा स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर उसकी पहचान सुनिश्चित की।
सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया किशोर
पहचान होने के बाद पुलिस ने किशोर के परिजनों से संपर्क कर उन्हें चौकी मोहनखाल बुलाया। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि किशोर पिछले कुछ समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहा है। वह शनिवार सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ता भटक गया था।
परिजनों ने जताया आभार
अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने पोखरी पुलिस और होमगार्ड जवान दिनेश लाल का हृदय से आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
