चमोली: हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर 14 वर्षीय किशोरी की जान बचाकर पुलिस ने दिखाई मानवता की मिसाल

चमोली।
हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर चमोली पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए एक 14 वर्षीय किशोरी की जान बचाकर मिसाल पेश की है। पुलिस की तत्परता और मानवीय सहयोग से गंभीर अवस्था में पहुंची किशोरी को समय पर उपचार मिल सका और वह सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुंच गई।

बारिश में भीगी और ठंड से कांपती मिली किशोरी

दिनांक 20 जून 2026 को भ्यूंडार क्षेत्र में सायंकालीन गश्त के दौरान कांस्टेबल प्रदीप सिंह एवं होमगार्ड जयदीप कच्चे पुल के समीप गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सुनसान रास्ते पर बारिश में भीगी हुई, ठंड से कांपती और असहाय अवस्था में बैठी एक 14 वर्षीय किशोरी पर पड़ी।

पूछताछ में किशोरी ने अपना नाम सीजत कौर, निवासी लुधियाना (पंजाब) बताया। लगातार बारिश और अत्यधिक ठंड के कारण उसकी तबीयत बिगड़ चुकी थी तथा उसे सांस लेने में भी गंभीर परेशानी हो रही थी।

पुलिसकर्मी ने उतार दी अपनी जैकेट

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी ने बिना देर किए अपनी जैकेट उतारकर किशोरी को पहनाई, ताकि उसे ठंड से राहत मिल सके। इसके बाद तत्काल कंडी की व्यवस्था कर किशोरी को मेडिकल कैंप भ्यूंडार ले जाया जाने लगा।

रास्ते में किशोरी की हालत और बिगड़ गई तथा वह बेहोश हो गई। बावजूद इसके पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और उसे सुरक्षित मेडिकल कैंप तक पहुंचाया।

ऑक्सीजन और उपचार से बची जान

हेमकुंड साहिब सेवा सिमरन सोसायटी मेडिकल कैंप, भ्यूंडार पहुंचने पर चिकित्सकों ने किशोरी को तत्काल ऑक्सीजन एवं प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ और होश आने पर उसने अपने परिजनों की जानकारी पुलिस को दी।

परिजनों को खोजकर मिलवाया

पुलिस टीम ने तत्परता से किशोरी के परिजनों की तलाश शुरू की और काफी खोजबीन के बाद उसके चाचा नरेंद्र पाल सिंह का पता लगाकर उन्हें मेडिकल कैंप तक पहुंचाया।

रात्रि अधिक होने और क्षेत्र में अंधेरा होने के कारण पुलिस ने किशोरी और उसके चाचा के सुरक्षित ठहरने की भी व्यवस्था कराई।

माता-पिता ने जताया पुलिस का आभार

देर रात किशोरी के माता-पिता अपनी बेटी की तलाश करते हुए कोतवाली गोविंदघाट पहुंचे। पुलिस ने उन्हें बेटी के सुरक्षित होने की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

अगली सुबह स्वास्थ्य में पर्याप्त सुधार होने पर किशोरी को उसके चाचा के साथ सकुशल गोविंदघाट भेज दिया गया।

संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना

कठिन परिस्थितियों में चमोली पुलिस द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय सहयोग की परिजनों ने सराहना करते हुए गोविंदघाट पुलिस कर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें