रुद्रप्रयाग/केदारनाथ। श्री केदारनाथ धाम की सुरक्षा, पवित्रता और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस लगातार सतर्कता बरत रहे हैं। इसी क्रम में 18 जुलाई, 2026 को केदारनाथ धाम में ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत वृहद सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। यह संयुक्त कार्रवाई यात्रा मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस चौकी केदारनाथ द्वारा की गई।
बाबाओं के पहचान पत्र और पुलिस सत्यापन की हुई गहन जांच
अभियान के दौरान धाम में रह रहे साधु-संतों और बाबाओं के पहचान पत्र तथा पुलिस सत्यापन (Police Verification) की गहन जांच की गई। जांच में कई ऐसे लोग मिले जो बिना वैध पुलिस सत्यापन के ही केदारनाथ क्षेत्र में रह रहे थे।
सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत तत्काल चालानी कार्रवाई की।
बिना आधार कार्ड वालों को भेजा गया गौरीकुंड
चेकिंग के दौरान कुछ ऐसे बाबा भी मिले जिनके पास कोई वैध आधार कार्ड उपलब्ध नहीं था। इसे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मानते हुए पुलिस ने उनका भी चालान किया और उन्हें तत्काल केदारनाथ धाम से गौरीकुंड रवाना कर दिया।
पूरे अभियान के दौरान कुल 15 चालान किए गए।
सुरक्षा और पवित्रता से कोई समझौता नहीं
प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्री केदारनाथ धाम की सुरक्षा, पवित्रता और मर्यादा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न बनाए रखने के लिए भविष्य में भी समय-समय पर औचक चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
