देहरादून: हरेला पर्व पर भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ ने 100 से अधिक पौधे रोपे

📍 देहरादून। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ, उत्तराखंड ने लोकपर्व हरेला के अवसर पर हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम लच्छीवाला रेंज के अंतर्गत दौड़वाला बीट में आयोजित किया गया, जहां 100 से अधिक औषधीय, फलदार और छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

🌳 100 से अधिक पौधों का किया गया रोपण

कार्यक्रम की रूपरेखा भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री के नेतृत्व में तैयार की गई। वृक्षारोपण अभियान के दौरान नीम, आम, बेल, कचनार, शीशम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर पर्यावरणविद् डॉ. सुन्दर लाल चौहान, विनोद जुगलान तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता समर महंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

🌿 ‘देश को हरा-भरा बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनोद जुगलान ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के दौर में वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश को हरा-भरा बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।

🌱 पत्रकार केवल खबरों तक सीमित न रहें : समर महंत

भाजपा के वरिष्ठ नेता समर महंत ने भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों की भूमिका केवल समाचारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री के नेतृत्व में इस क्षेत्र में अब तक लगभग 10 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिनमें से कई वृक्ष आज 25 वर्ष से अधिक पुराने होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

🌲 वन विभाग ने की पहल की सराहना

लच्छीवाला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गंभीर सिंह धामंदा ने पत्रकार संघ के पर्यावरण संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि संगठन समय-समय पर वृक्षारोपण, वन संरक्षण और स्वच्छता जैसे जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।

वहीं नगर निगम पार्षद सोबत चंद्र रमोला ने क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संरक्षण में पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए वन विभाग से भविष्य में और अधिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।

🏅 वन अग्नि नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान वन अग्नि नियंत्रण एवं वन संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें वन दरोगा कुशहाल सिंह बिष्ट, पंकज रावत, बीट अधिकारी जयेंद्र साहनी, अंकित नेगी, रमन कुमार, मुकेश शर्मा तथा बीट सहायक राकेश कुमार शामिल रहे।

👥 बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री, जिला अध्यक्ष विवेक तोमर, आशीष डोभाल, संदीप गौड़, सत्यनारायण गायत्री, अर्जुन कुमार, बाबूराम सहित पत्रकार संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य, ड्रीम संस्था के छात्र, वन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें