गौचर, 25 सितंबर। पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। खबर अब केवल अखबार के पन्नों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए पलभर में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रही है। ऐसे दौर में समाचार की गति के साथ उसकी विश्वसनीयता और तथ्यपरकता बनाए रखना पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यह बात कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने शुक्रवार को गौचर में आयोजित भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के जनपद स्तरीय पत्रकार सम्मेलन में कही।
सम्मेलन की थीम ‘पत्रकारिता में डिजिटल की भूमिका’ रखी गई थी। कार्यक्रम में डिजिटल पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, स्थानीय पत्रकारों की चुनौतियों और पत्रकारों के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। क्षेत्र के पत्रकारों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
पत्रकारों के लिए कार्यालय की मांग उठी
सम्मेलन में गौचर क्षेत्र के पत्रकारों के लिए स्थायी कार्यालय की आवश्यकता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पत्रकारों ने कहा कि समाचार संकलन, बैठकों और अन्य पत्रकारिता गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थान नहीं होने के कारण उन्हें विभिन्न स्तरों पर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में पत्रकारों के लिए कार्यालय की व्यवस्था किए जाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को ऐसा स्थान मिलना चाहिए, जहां वे बैठकर समाचार संकलन और पत्रकारिता से जुड़े कार्य कर सकें।
वहीं, उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने पत्रकारों के कार्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक अनिल नौटियाल ने भी इस पहल में सहयोग का भरोसा दिलाया। भूमि उपलब्ध होने की स्थिति में क्षेत्र के पत्रकारों को साझा कार्यस्थल मिल सकेगा।
खबर की गति से ज्यादा जरूरी विश्वसनीयता
विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने समाचारों को लोगों तक पहुंचाने की गति कई गुना बढ़ा दी है। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के दौर में कोई भी सूचना कुछ ही समय में व्यापक स्तर पर पहुंच जाती है। ऐसे में खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज और शासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को सामने लाने में स्थानीय पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। उन्होंने स्थानीय पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग का आश्वासन भी दिया।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म ने पत्रकारिता के लिए नए अवसर खोले हैं, लेकिन इसके साथ अपुष्ट सूचनाओं और भ्रामक खबरों की चुनौती भी बढ़ी है। ऐसे में डिजिटल माध्यमों पर काम करने वाले पत्रकारों को खबर की पुष्टि, स्रोतों की विश्वसनीयता और भाषा की मर्यादा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
ग्रामीण अंचलों की आवाज बनने पर जोर
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पत्रकारों को सीमित संसाधनों के बीच काम करना पड़ता है। दूरस्थ गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, रोजगार और अन्य जनसमस्याओं से जुड़ी खबरों को सामने लाने में स्थानीय पत्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पत्रकारों के सामने आने वाली समस्याओं को संगठन के माध्यम से संबंधित स्तरों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल मुख्य अतिथि, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी और उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि संघ के राष्ट्रीय महासचिव गिरिधर शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन में जिला अध्यक्ष दिगपाल गुसाईं और जिला महामंत्री खुशाल सिंह असवाल सहित संघ के पदाधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम में अरुण मिश्रा, देवेंद्र गुसाईं, गोविंद सिंह बिष्ट, ईश्वर सिंह राणा, प्रदीप लखेड़ा, भानु प्रकाश नेगी, महावीर रावत, राजेंद्र असवाल, ललिता प्रसाद लखेड़ा, प्रदीप चौहान, सुरेंद्र सिंह गढ़िया और संतोष कुंवर सहित अन्य पत्रकारों ने सहभागिता की।
इसके अलावा नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जगदीश कनवासी, सुनील पंवार, गोसेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी और सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र नेगी समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी सम्मेलन में मौजूद रहे।
कार्यक्रम संयोजक लक्ष्मण सिंह रावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्य और संघ की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय मजबूत करने और जनपद स्तर पर पत्रकारों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए ऐसे आयोजन उपयोगी हैं।
सम्मेलन के अंत में पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर समन्वय, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और बदलते डिजिटल दौर में पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने अतिथियों और सभी पत्रकारों का आभार जताया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
