गौचर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सरस्वती शिशु मंदिर गौचर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में विधायक अनिल नौटियाल, पवित्र विष्ट, विनीत रावत समेत नगर पालिका परिषद गौचर के सभासदों, अभिभावकों, गुरुजनों और छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
एक स्वर में गूंजा वंदे मातरम्
भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी, विक्रम संवत 2083 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के भाव से गूंज उठा।
विद्यार्थियों में राष्ट्रभावना विकसित करने पर जोर
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना विकसित करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम भी है।
भारत माता के जयकारों से गूंजा परिसर
कार्यक्रम में विधायक अनिल नौटियाल, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष पवित्र विष्ट और सभासद विनीत रावत के साथ सतीश भंडारी, सुनील पवार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान भारत माता के जयकारों से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लेते हुए मां भारती के चरणों में श्रद्धा अर्पित की।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
