भैयादूज पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 8:30 बजे विधि-विधान से हुए कपाट बंद

श्री केदारनाथ धाम/रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को भैयादूज के पावन अवसर पर प्रातः 8:30 बजे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट मंगलम के इस पावन अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण सहित पांच हजार से अधिक श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन

कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री का श्री केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने बताया कि यात्रा वर्ष के दौरान साढ़े 19 लाख तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। कपाट बंद होने के बाद अब शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जाएगा।

फूलों से सजा मंदिर, श्रद्धालुओं के लिए भंडारे आयोजित

कपाट बंद होने के अवसर पर श्री केदारनाथ मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। वहीं, दानी-दाताओं और आईटीबीपी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का आयोजन किया गया। पिछले दिनों आसपास की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के चलते धाम में मौसम काफी सर्द बना हुआ है।

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह पंचमुखी डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच समारोहपूर्वक पहले पड़ाव रामपुर के लिए रवाना हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘जय श्री केदार’ के जयकारों के साथ बाबा की डोली को विदाई दी।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि 12 नवंबर, गुरुवार को पंचमुखी डोली विश्वनाथ मंदिर, गुप्तकाशी पहुंचेगी। इसके बाद 13 नवंबर, शुक्रवार को डोली भगवान के शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ पहुंचेगी।

विधि-विधान से संपन्न हुई कपाट बंद करने की प्रक्रिया

कपाट बंद होने की परंपरा के तहत बीते शनिवार, 7 नवंबर को भगवान केदारनाथ के रक्षक श्री भकुंट भैरवनाथ जी के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। वहीं, भैयादूज के अवसर पर बुधवार सुबह 3:30 बजे श्री केदारनाथ मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिया गया। सुबह 5 बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई।

इस दौरान पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और आचार्य वेदपाठियों की उपस्थिति में भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को श्रृंगार रूप से समाधि रूप दिया। इसके बाद स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढक दिया गया। तत्पश्चात गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए गए।

इसके बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली सभा मंडप से बाहर मंदिर परिसर में लाई गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री केदार’ और ‘ऊं नमः शिवाय’ के उद्घोष से गूंज उठा। प्रातः 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए और पंचमुखी डोली अपने प्रथम पड़ाव रामपुर के लिए प्रस्थान कर गई।

प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद

कपाट बंद होने के इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मंदिर समिति के सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें