प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने CM धामी से की शिष्टाचार भेंट, लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत पर हुई चर्चा

देहरादून। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक श्री प्रसून जोशी ने आज मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर चर्चा

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और श्री प्रसून जोशी के बीच राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड की सांस्कृतिक विशिष्टताओं को संचार एवं प्रसारण के विभिन्न माध्यमों से देशभर में पहुंचाने तथा राज्य की लोककला और लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

लोककला और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और परंपराएं राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना और इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है।

कला और साहित्य नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं सांस्कृतिक मूल्य

मुख्यमंत्री ने साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में श्री प्रसून जोशी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की संवेदनाओं, विचारों और सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें