देहरादून: राज्य स्तरीय विद्यालयी हॉकी प्रतियोगिता में ट्रॉफी जीतने पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र के खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में 17 से 19 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी हॉकी प्रतियोगिता में ट्रॉफी जीतने के बाद पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र के खिलाड़ियों का विद्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने जनपद देहरादून का प्रतिनिधित्व किया।

विद्यालय पहुंचने पर हॉकी खिलाड़ी अनुराग, वासू, बबलू, कृष्णा, आदर्श, चिराग और हैप्पी का स्वागत किया गया।

प्रधानाचार्य ने दी बधाई, खेलों के महत्व पर किया प्रेरित

विद्यालय के मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि खिलाड़ियों के विद्यालय आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह गुलेरिया ने सभी हॉकी खिलाड़ियों और उनके मार्गदर्शक पंकज सती, सहायक अध्यापक शारीरिक शिक्षा, को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि खेलों का हमारे जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। वर्तमान समय में खेल बच्चों को नशे से दूर रखने और मोबाइल पर अनावश्यक समय बर्बाद करने से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों से शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास भी होता है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए होगा चयन

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक पंकज सती ने बताया कि देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगे राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाता है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल से हर वर्ष हॉकी के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते आ रहे हैं।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें