देहरादून: BSPS ने साहित्य एवं नाट्य सम्मान समारोह का किया आयोजन, ‘द्रौपदी की लाज’ ने बांधा समां

देहरादून। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ, उत्तराखंड द्वारा 1 अगस्त 2026 को साहित्य एवं नाट्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड हाईकोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति राजेश टंडन, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल तथा संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

‘द्रौपदी की लाज’ नाटक ने बांधा समां

समारोह के दौरान उत्सव ग्रुप द्वारा प्रस्तुत और राकेश भट्ट के निर्देशन में मंचित नाटक ‘द्रौपदी की लाज’ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कांता घिल्डियाल द्वारा लिखित इस नाटक में कलाकारों के अभिनय को खूब सराहा गया। भगवान श्रीकृष्ण के दृश्य के दौरान दर्शक भावुक हो उठे और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

सात विभूतियों को मिला सम्मान

समारोह में पांच साहित्यकारों और दो रंगकर्मियों को सम्मानित किया गया।

साहित्य सम्मान से सम्मानित:

  • अरुण कुकशाल

  • नंदकिशोर हटवाल

  • अतुल शर्मा

  • सुरेश स्नेही

  • दिनेश रावत

नाट्य सम्मान से सम्मानित:

  • श्रीश डोभाल

  • राकेश भट्ट

इसके अलावा नाटक के सभी कलाकारों, मंच संचालक भारती आनंद और सुनील सजवान तथा फिल्म ‘ढोली’ के अभिनेता मोहित घिल्डियाल को भी सम्मानित किया गया।

समाज जागरूकता का माध्यम हैं ऐसे आयोजन: न्यायमूर्ति राजेश टंडन

मुख्य अतिथि पूर्व न्यायमूर्ति राजेश टंडन ने कहा कि भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ समाज में जनजागरूकता और सकारात्मक बदलाव के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन वर्षों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित कर नई परंपरा स्थापित कर रहा है।

पत्रकार समाज निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका: आशा नौटियाल

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि पत्रकारों की भूमिका केवल समाचार लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के साथ जुड़कर जनकल्याण और सकारात्मक परिवर्तन लाना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

पूर्व मुख्यमंत्री निशंक ने की सराहना

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने संगठन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य, कला, कृषि, उद्यान और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना प्रेरणादायी परंपरा है। उन्होंने पत्रकारों को ‘लेखक गांव’ आने का निमंत्रण भी दिया और सकारात्मक पत्रकारिता को समाज निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

बड़ी संख्या में साहित्यकार और पत्रकार रहे उपस्थित

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार गिरधर शर्मा, सतीश लाखेड़ा, मनोज ईस्टवाल, प्रेम पंचोली, राजीव थपलियाल, कांता प्रसाद डांडो, विजय भूषण उनियाल, गोविंद पेटवाल सहित विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ की ओर से पुष्कर सिंह नेगी, संदीप गौड़, रमेश नौटियाल, विधि जोशी, बीना बेंजवाल, गिरीश सेमवाल, सत्यनारायण गायत्री, साक्षी पोखरियाल, राकेश कंडारी, मुकेश अटवाल सहित सैकड़ों लोगों ने समारोह में सहभागिता की।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें