चमोली: पोखरी में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर, खेतों में मलबे के मुआवजे का मुद्दा उठा

चमोली‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के तहत गुरुवार को पोखरी विकासखंड सभागार में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्यमंत्री प्रेम सिंह राणा ने जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा की उपस्थिति में किया।

ग्रामीणों ने उठाया मुआवजे का मुद्दा

शिविर के दौरान मंदोदरी पंत और महेश्वरी देवी ने पोखरी–नखोलियाणा मोटर मार्ग की कटिंग के दौरान उनके खेतों में डाले गए मलबे का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि खेतों को हुए नुकसान के बावजूद अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। इस पर अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत सदस्य ने जताई नाराजगी

जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा ने कहा कि सरकार लगातार जनकल्याण शिविर आयोजित कर रही है, लेकिन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की कम उपस्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण लोग इन शिविरों का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस शिविर में केवल 54 लोग ही लाभान्वित हो सके।

विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी

शिविर में कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास, राजस्व, स्वास्थ्य, पशुपालन, समाज कल्याण, चिकित्सा, खाद्य, श्रम एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्यमंत्री प्रेम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी अल्केश नौड़ियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बुडोला, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, अधिशासी अधिकारी बीना नेगी, खंड कृषि अधिकारी राकेश चौमुवाल, दिनेश रडुवाल, अधिशासी अभियंता दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें