500 से अधिक लोगों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ, जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं

चमोली।
सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह‘ के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड नारायणबगड़ के ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार‘ अभियान के तहत बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर तथा तहसील दिवस का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनसमस्याओं का समाधान, सरकारी योजनाओं का लाभ वितरण तथा विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम के दौरान 140 से अधिक शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, लाभार्थियों को मिली योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम का शुभारंभ जीजीआईसी नारायणबगड़ की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत से किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली तथा पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

शिविर में कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पशुपालन, ग्रामीण विकास, उरेडा, पंचायतीराज एवं उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराया।

जनसमस्याओं पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

ग्राम पंचायत पैठाणी निवासी गंभीर सिंह पंवार द्वारा बरसात के दौरान गधेरे से होने वाले कटाव की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर सिंचाई विभाग के माध्यम से आवश्यक सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश दिए।

पैठाणी में विद्युत लाइन एवं केबल संबंधी समस्या पर यूपीसीएल को विद्युत लाइन स्थानांतरण एवं लॉपिंग कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।

ग्राम प्रधान किमोली वीरेंद्र भण्डारी द्वारा किमोली लिंक मोटर मार्ग के सुधार की मांग पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई को इसे नंदा देवी राजजात के तहत प्रस्तावित करने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों में तत्काल पैचवर्क कराने के निर्देश दिए।

ग्राम सैंगांव निवासी इकबाल अहमद की प्रधानमंत्री आवास योजना संबंधी समस्या पर परियोजना निदेशक डीआरडीए एवं खंड विकास अधिकारी को पात्रता के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

वहीं ग्राम कमीमाल निवासी हिमानी देवी की मोटर मार्ग पर सुरक्षा दीवार (पुश्ता) निर्माण की मांग पर ब्रिडकुल को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सोलर स्ट्रीट लाइट और आंगनबाड़ी नियुक्ति मामलों पर भी हुई सुनवाई

ग्राम पंचायत डुंगोली के प्रधान द्वारा सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर उरेडा को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

शशी देवी द्वारा आंगनबाड़ी नियुक्ति संबंधी शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

किमोली निवासी दिव्या की अनाथ प्रमाण पत्र संबंधी समस्या पर जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शिविर स्थल पर ही आवेदन भरवाया तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

500 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याण योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सहायता सामग्री एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। 85 वर्षीय बलवंत सिंह को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। शिविर के माध्यम से 500 से अधिक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला।

जनता के द्वार तक पहुंचे शासन-प्रशासन: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन-प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में दर्जा मंत्री माधव सेमवाल, ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदौला, गणेश शाह, उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें