गौचर मेले में बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने किया प्रतिभाग, वॉलीबॉल प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

गौचर। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में बदरीनाथ विधानसभा के विधायक लखपत सिंह बुटोला ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने वॉलीबॉल प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

गौचर मेला संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक : बुटोला

विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि गौचर मेला केवल व्यापार और मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि पहाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और औद्योगिक पहचान का प्रतीक है। यह मेला उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने कहा कि मेले में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे को भी मजबूती मिलती है।

खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं

विधायक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी रहे मौजूद

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप नेगी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मुकेश नेगी, नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी, हरीश नयाल, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पूर्व प्रमुख राजेंद्र सगोई, उपासना बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आयोजक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें