चमोली।
मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा विभागीय तैयारियों की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मानसून से पूर्व आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आपदा प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जल निकासी और सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान जनजीवन को प्रभावित करने वाली संभावित समस्याओं की पूर्व पहचान कर उनके प्रभावी समाधान सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने सभी सड़क एजेंसियों, नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को नालों और जल निकासी तंत्र की व्यापक सफाई, झाड़ियों के कटान तथा जलभराव संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
सिल्टेशन प्रभावित क्षेत्रों में होंगे विशेष कार्य
बैठक में सिंचाई विभाग को सिल्टेशन प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर आवश्यकतानुसार नियमानुसार ड्रेजिंग एवं चैनलाइजेशन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया। साथ ही संभावित खतरे वाले स्थलों की पहचान कर जल प्रवाह में बाधा बनने वाली संरचनाओं को हटाने के निर्देश दिए गए।
मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति से निपटने की तैयारी
जिलाधिकारी ने सभी सड़क एजेंसियों को मानसून के दौरान मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी मशीनों एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वैकल्पिक मार्गों का चयन, आवश्यक मरम्मत कार्य तथा मार्गों पर चेतावनी एवं दिशा सूचक साइनज लगाने के निर्देश भी दिए।
राहत सामग्री और आपदा शेल्टरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
उन्होंने पूर्ति विभाग को आपदा की स्थिति में राहत कार्यों के लिए खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में आपदा शेल्टरों की पहचान कर उनकी उपयोगिता एवं उपलब्ध सुविधाओं का परीक्षण करने को कहा।
तहसील स्तर पर बनेगी त्वरित प्रतिक्रिया टीम
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) का गठन कर उनकी सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं जोखिम वाले क्षेत्रों में लोगों द्वारा सेल्फी लेने जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग को दिए विशेष निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर रोगियों, दिव्यांगजनों एवं अन्य संवेदनशील व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ये रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
