ऋषिकेश। उत्तराखंड राज्य निर्माण सेनानियों की एक आवश्यक बैठक आईएसबीटी परिसर स्थित शहीद स्मारक भवन में आयोजित की गई। बैठक में राज्य निर्माण सेनानियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान चिह्नीकरण, सभी राज्य निर्माण सेनानियों को समान पेंशन और 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सहित कई महत्वपूर्ण विषय उठाए गए।
अखिलेश यादव के बयान की कड़ी निंदा
बैठक में वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंडवासियों को कथित तौर पर ‘घुसपैठिया’ कहे जाने संबंधी बयान की कड़ी निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में उत्तराखंडियों पर हुए अत्याचारों को लोग आज भी याद करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव का बयान उत्तराखंडवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला है।
राज्य निर्माण सेनानियों ने अखिलेश यादव से उत्तराखंड की जनता से माफी मांगने की मांग की। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो उनके उत्तराखंड आगमन का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण सेनानी अपने सम्मान और राज्य की अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर पीछे नहीं हटेंगे।
उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी पर भी जताया विरोध
बैठक में अंकित भंडारी प्रकरण से जुड़े मामले में उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने गिरफ्तारी के समय और परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए पुलिस एवं सरकार की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई साजिश के तहत की गई है।
वक्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि संबंधित तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट के माध्यम से बयान लिए जाने की मांग भी उठाई।
9 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा राज्य स्थापना दिवस
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 9 नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दीपदान सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य निर्माण सेनानियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को ठोस निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 9 नवंबर तक राज्य आंदोलनकारियों के हित में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आगामी चुनाव में इसके नकारात्मक राजनीतिक परिणाम देखने को मिल सकते हैं।
बैठक में बड़ी संख्या में राज्य निर्माण सेनानी रहे मौजूद
बैठक की अध्यक्षता बलवीर सिंह नेगी ने की, जबकि संचालन गंभीर मेवाड़ ने किया।
इस अवसर पर मंच अध्यक्ष डीएस गुसाईं, गंभीर मेवाड़, बलवीर सिंह नेगी, चंदन सिंह पवार, युद्धवीर सिंह चौहान, गुलाब सिंह रावत, धर्मराज पुंडीर, विभाष कोटनाला, राम सिंह रावत, जगदंबा प्रसाद भट्ट, विशंभर दत्त डोभाल, बृजेश डोभाल, महेंद्र बिष्ट, हरि सिंह नेगी, राजेंद्र कोठारी, महादेव रागड़, बेताल सिंह ढलाई, रामेश्वर चौहान, लक्ष्मीपुर कोठी, कुसुम लता शर्मा, जयंती नेगी, शकुंतला नेगी, चीता कंडवाल, ज्ञानी देवी, रेखा दशमाना और पार्वती रतूड़ी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
