चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार वन भूमि हस्तांतरण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
स्वीकृत परियोजनाओं पर जल्द शुरू होगा कार्य
लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त योजनाओं पर शीघ्र कार्य शुरू करने और अंतिम स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति मिलनी बाकी है, उनके प्रस्ताव जल्द अग्रसारित किए जाएं।
पेयजल और अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में किमाड़ा पेयजल योजना सहित पेयजल निगम की अन्य परियोजनाओं के वन भूमि हस्तांतरण मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों में देरी न हो, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
बैठक में शिक्षा विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) सहित अन्य विभागों की परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
