पोखरी में भालू की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत

पोखरी। विकासखंड पोखरी की हापला घाटी के सिदेली क्षेत्र में लगातार भालू की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आबादी क्षेत्र के आसपास भालू के लगातार दिखाई देने से ग्रामीणों को जान-माल की चिंता सता रही है। समस्या के समाधान और वन विभाग की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को उत्तराखंड क्रांति दल के साथ नागनाथ रेंज कार्यालय पहुंचकर वन क्षेत्राधिकारी का घेराव किया।

आबादी के आसपास लगातार दिखाई दे रहा भालू

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से भालू की आवाजाही बनी हुई है। इसके चलते ग्रामीणों में खेतों और आसपास के इलाकों में जाने को लेकर भी भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाते हुए भालू को पकड़ने की कार्रवाई करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बनी स्थिति के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करने की मांग की।

पिंजरा लगाकर पकड़ने की मांग

इस दौरान उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता केके डिमरी ने कहा कि भालू की लगातार चहलकदमी से ग्रामीण भयभीत हैं। उन्होंने वन विभाग से जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर भालू को पकड़ने की कार्रवाई करने की मांग की, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि वन विभाग ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया तो विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें