गौचर (चमोली)। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के तहत रविवार को मुख्य पांडाल में पर्यावरण संरक्षण एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम और न्यूनीकरण विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। गौचर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संदीप सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण के साथ मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण विषय पर भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
वनों का संरक्षण और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास सुरक्षित रखने पर जोर
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वनों का संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग बेहद जरूरी है। जंगलों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने की दिशा में भी गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए। मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए जनजागरूकता और वन विभाग की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
के न्यूज के संवाददाता अनिल राणा को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में के न्यूज के चमोली संवाददाता अनिल राणा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रतिवर्ष लोग जागृति विकास संस्था के सचिव जितेंद्र कुमार की ओर से प्रदान किया जाता है।
वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग
इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी धनपुर रेंज गौचर नवल किशोर नेगी, विजय सिंह नेगी, मुकेश शाह, अमित मैठाणी, कुमारी महेश्वरी, कुमारी सावित्री और कुमारी रक्षा सहित वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों ने भी प्रतिभाग किया।
प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदारी समझने का दिया संदेश
आयोजकों ने कहा कि गौचर मेले के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह के आयोजन समाज को प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
