गोपेश्वर। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा की यात्रा को स्मरण करते हुए ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
सेवा ज्योति यात्रा को राष्ट्रसेवा का अभियान बताया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, संगठन, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के संकल्प को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी प्रसारण किया गया। संबोधन के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आमजन को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया।
हर वर्ग की भागीदारी पर जोर
वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य करते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिला प्रभारी संपत सुंदर रावत, महावीर पंवार, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, बदरीनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, जिला महामंत्री अरुण मैखानी एवं विनोद कंवासी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
