नैनीताल: कैड़ागांव हाईस्कूल का इंटरमीडिएट में उच्चीकरण—मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया विद्यालय का उद्घाटन

नैनीताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक की ग्रामसभा कैड़ागांव कुकना में वर्षों से चली आ रही हाईस्कूल के इंटरमीडिएट में उच्चीकरण की मांग पूरी हो गई है। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कैड़ागांव हाईस्कूल के इंटरमीडिएट में उच्चीकरण के बाद विद्यालय का उद्घाटन किया।

ग्रामीणों के अनुसार, हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को जंगलों और रास्तों से होकर करीब 15 किलोमीटर दूर दूसरे स्थान पर जाना पड़ता था। दूरी के कारण छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और कुछ विद्यार्थी आगे की शिक्षा से वंचित भी रह जाते थे।

ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर मंत्री राम सिंह कैड़ा से विद्यालय का उच्चीकरण करने की मांग की थी। मंत्री कैड़ा लंबे समय से इस दिशा में प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष भी विद्यालय के उच्चीकरण की मांग रखी, जिसके बाद कैड़ागांव हाईस्कूल को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत कराया गया।

अब कैड़ागांव इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के प्रवेश के साथ 11वीं की कक्षाएं संचालित होने लगी हैं। विद्यालय के उच्चीकरण पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया तथा आभार व्यक्त किया।

शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का प्रयास: कैड़ा

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करना उनका प्रयास है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बहुउद्देशीय शिविर में सुनीं जनसमस्याएं

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किया, जिसमें उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। सैकड़ों लोगों ने जनता दरबार में पहुंचकर इसका लाभ लिया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें