देहरादून। सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनशिकायतों को लंबित रखना अथवा केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदारी लें।
शिकायतकर्ताओं से फोन पर लिया फीडबैक
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। जिन प्रकरणों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई थी, उन्हें गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, जिन शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हो चुका था, उनसे भी फोन पर बातचीत कर फीडबैक लिया गया। शिकायतकर्ताओं ने सीएम हेल्पलाइन-1905 के माध्यम से मिली त्वरित सहायता के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।
15 अक्टूबर तक सभी सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों की स्थिति को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सीएम हेल्पलाइन-1905 में दर्ज प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से निगरानी की जाएगी और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
