गौचर (प्रदीप चौहान)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान गौचर में जिला स्तरीय प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, भाषण और तार्किक नवाचार प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नवाचारों और कलाकृतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक ने विद्यार्थियों से किया संवाद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके विचारों एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और नवाचार की भावना विकसित करने में भी सहायक होते हैं।
विधायक ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने और उन्हें नए अवसर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी समाज की भी है।
विद्यार्थियों को नए विचार साझा करने का अवसर
कार्यक्रम में उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी अनूप नेगी, सेवानिवृत्त शिक्षक विजय प्रसाद नौटियाल, राजकीय पॉलिटेक्निक गौचर के प्रधानाचार्य राजकुमार, राजकीय पॉलिटेक्निक पोखरी के प्रधानाचार्य दिनेश कंजोलिया, लोकेंद्र रावत और अरविंद रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ नए विचारों और नवाचारों को साझा करने का अवसर मिला।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
