ऋषिकेश पुलिस की तत्परता: अमेरिकी पर्यटक का खोया बैग बरामद, सुरक्षित लौटाया

 

ऋषिकेश, 31 अक्टूबर। उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तत्परता और कार्यकुशलता का परिचय देते हुए एक अमेरिकी पर्यटक का खोया हुआ बैग बरामद कर उसे सुरक्षित वापस सौंप दिया। बैग में करीब 250 अमेरिकी डॉलर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। सामान वापस मिलने पर पर्यटक ने ऋषिकेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद पत्र के माध्यम से आभार व्यक्त किया।

कोयल घाटी के पास गिर गया था बैग

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को एक अमेरिकी पर्यटक ने पुलिस कंट्रोल रूम ऋषिकेश पहुंचकर सूचना दी कि मोटरसाइकिल से हरिद्वार की ओर जाते समय ऋषिकेश क्षेत्र में कोयल घाटी के पास उनका बैग गिर गया था। बैग में लगभग 250 अमेरिकी डॉलर के साथ कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मौजूद थे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संबंधित क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक स्कूटर पर सवार दो व्यक्तियों द्वारा उक्त सामान ले जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने स्कूटर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके स्वामी से संपर्क किया।

पुलिस की तत्परता से अमेरिकी पर्यटक का खोया हुआ सामान बरामद कर लिया गया और उसे सुरक्षित रूप से पर्यटक के सुपुर्द कर दिया गया।

धन्यवाद पत्र लिखकर जताया आभार

अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर अमेरिकी पर्यटक ने देहरादून पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम ऋषिकेश को धन्यवाद स्वरूप स्वलिखित पत्र सौंपकर उत्तराखंड पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस की इस कार्रवाई से विदेशी पर्यटक को राहत मिली और उत्तराखंड पुलिस की तत्परता सामने आई।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें