दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात—हथियारबंद युवकों ने संस्थान के बाहर दागीं गोलियाँ, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

देहरादून। पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया स्थित एक निजी संस्थान के बाहर गुरुवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। हथियारों से लैस युवकों ने संस्थान के बाहर फायरिंग की और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि घटना में साहिल नामक युवक के कंधे में गोली लगी है। घायल को उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विवाद के बाद कार का पीछा करने की बात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटेलनगर में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद बाइक सवार युवक एक कार का पीछा करते हुए सेंट ज्यूड्स चौक तक पहुंचे। आरोप है कि वहां गुरमीत नामक युवक ने दोबारा फायरिंग की, जिसकी गोली साहिल के कंधे में जा लगी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों से जुड़े युवक हरियाणा के रहने वाले हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक कार सुबह से ही सड़क किनारे खड़ी थी। दोपहर के समय डंडों और रॉड से लैस कुछ युवक बाइक से वहां पहुंचे। बाइक सवारों को नजदीक आता देख कार में सवार लाल रंग की कमीज पहने एक युवक ने जमीन की ओर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फायरिंग में शामिल युवकों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद या रंजिश से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के वास्तविक कारण और घटना में शामिल आरोपितों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें