नारायणबगड़ में कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं के बीच पशुपालन विभाग ने चलाया सघन टीकाकरण अभियान

चमोली। नारायणबगड़ विकासखंड में आक्रामक कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर पशुपालन विभाग ने सघन टीकाकरण अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत अब तक 90 से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। विभाग द्वारा कुत्तों के साथ-साथ क्षेत्र में मवेशियों का भी टीकाकरण किया जा रहा है, ताकि उन्हें संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके।

मुख्य बाजार समेत कई गांवों में चला अभियान

वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी नारायणबगड़ डॉ. उत्तम कुमार ने बताया कि आक्रामक कुत्तों के काटने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए लोगों और पशुओं की सुरक्षा के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

शुक्रवार को नारायणबगड़ मुख्य बाजार, मींग गदेरा, पंती, कौब और केवर गांव में टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान 36 कुत्तों का टीकाकरण किया गया। अभियान के तहत अब तक कुल 90 से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।

पालतू कुत्तों के टीकाकरण को लेकर बढ़ी जागरूकता

अभियान के दौरान स्थानीय लोगों में भी जागरूकता देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में लोग अपने पालतू कुत्तों का टीकाकरण कराने के लिए पशु चिकित्सालय पहुंच रहे हैं।

पशुपालन विभाग ने क्षेत्र में स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखी है और टीकाकरण अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है। विभाग का उद्देश्य कुत्तों के काटने से होने वाले संक्रमण के खतरे को कम करने के साथ ही क्षेत्र में पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें