डोईवाला। सुसवा नदी क्षेत्र में अवैध खनन और खनन सामग्री के अनधिकृत संचालन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्ययोजना तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। मोहम्मदपुर बड़कली, दुधली से लेकर बुल्लावाला और झबरावाला की ओर चल रहे कथित अवैध खनन संचालन के खिलाफ जल्द कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस और खनन विभाग के साथ होगी बैठक
उपजिलाधिकारी डोईवाला इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और खनन विभाग के जिला खान अधिकारी (डीएमओ) के साथ मंत्रणा कर कार्रवाई की रणनीति तय करेंगी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवैध संचालन में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
खनन से भरे वाहनों की गति पर भी रहेगी निगरानी
प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत खनन सामग्री लेकर जाने वाले वाहनों की गति निर्धारित किए जाने की बात कही गई है। जांच चौकियों पर वाहनों की लगातार जांच की जाएगी और जांच के बाद ही खनन सामग्री को आगे ले जाने की अनुमति होगी।
प्रशासन के अनुसार बिना परमिट और बिना नंबर प्लेट के संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी संपदा के दोहन पर सख्ती
जिलाधिकारी देहरादून ने भी अवैध संचालन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। सरकारी संपदा के गलत दोहन पर नजर रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से सरकारी योजनाओं को नुकसान पहुंचाने वाले कथित अवैध खननकर्ताओं की गतिविधियों की जानकारी जुटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
