बागेश्वर। जिले के गागरीगोल क्षेत्र के सीर गांव के पास रविवार को सेना के वाहन और स्कूटी की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों के पैरों में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को अल्मोड़ा और दूसरे को जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया गया।
अनियंत्रित होकर सेना के वाहन से टकराई स्कूटी
जानकारी के अनुसार, बागेश्वर से गरुड़ की ओर जा रहे सेना के वाहन के पास स्कूटी संख्या UK-02B-2943 अनियंत्रित होकर उसके पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में संजय कुमार (24) निवासी मन्यूड़ा गागरीगोल और मदन उर्फ राहुल (20) निवासी रियूनीलखमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया रेफर
सूचना मिलते ही कोतवाल कैलाश सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया।
सीएचसी बैजनाथ की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सपना राजपूत ने बताया कि दोनों युवकों के दाहिने पैर में फ्रैक्चर है, जबकि हाथों में भी चोटें आई हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए राहुल को अल्मोड़ा और संजय को जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया गया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हादसे से कुछ देर पहले ही पुलिस ने एक अन्य स्कूटी को खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर सीज किया था। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
