हल्द्वानी : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शनिवार देर शाम सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार युवाओं की मौत हो गई। मामला बरेली रोड पर तीन पानी फ्लाईओवर का है। चारों दोस्त थे और हादसे में चारों की जान चली गई। वहीं चारों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।
स्कॉर्पियो में पिछली सीट पर नैंसी कान्वेंट ज्योलीकोट के निदेशक संजय सिंह थे। चालक पहदान खान चला रहा था। घटना रात 10 बजे की है। पुलिस ने संजय सिंह और पहदान खान को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गौरा पड़ाव हठी खाल निवासी 17 साल का राहुल राजपूत, 25 साल का शिवम्, बेरी पड़ाव का 20 साल का अंशु आर्य और 18 साल का आदित्य टम्टा दोस्त थे। चारों रात में तीन पानी फ्लाईओवर के ऊपर थे। बरेली की तरफ से स्कॉर्पियो आ रही थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और चारों को कुचलते हुए स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ गई। स्कूटी वाहन के नीचे दब गई। हादसे में स्कॉर्पियो के पहिये निकल कर छिटक गए।
चारों को तत्काल सुशीला तिवारी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ तीन को मृत घोषित कर दिया गया। चौथा घायल था, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। राहुल, शिवम् और अंशु को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि आदित्य ने देर रात दम तोड़ दिया।
वहाँ मौजूद लोगों के मुताबिक, टक्कर काफी भयानक थी। मौके पर मंज़र काफी खौफनाक था। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वाहन चालक खान और संजय सिंह को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि स्कूटी गलत दिशा में लाल कुवां की तरफ जा रही थी। तेज बारिश में दिखाई नहीं दिए। इसी वजह से हादसा हुआ। अब पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालने में लगी हुई है।
मृतक युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। अस्पताल में चारों के परिजनों को देखते हुए हर किसी की आँखें नम थीं। परिजन बिलख रहे थे। डॉक्टरों और भगवान से गुहार लगा रहे थे कि किसी तरह उनके अपनों को जिंदा लौटा दो… लेकिन… रविवार को आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जाएंगे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
