नैनीताल। लगातार बारिश और तेज हवा के चलते हल्द्वानी-बलदियाखान मार्ग पर एक विशाल चीड़ का पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। इसी दौरान मार्ग से गुजर रहे कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने तत्काल स्थिति का संज्ञान लेते हुए आपदा प्रबंधन, पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही करीब 15 मिनट के भीतर प्रशासनिक और राहत टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गईं और पेड़ को हटाकर मार्ग को सुचारु करने का कार्य शुरू किया।
बारिश में मौके पर डटे रहे आयुक्त
दीपक रावत स्वयं बारिश के बीच छाता लेकर मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की लगातार निगरानी करते रहे। उन्होंने तब तक घटनास्थल नहीं छोड़ा, जब तक सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह सुरक्षित नहीं बना दिया गया।
यात्रियों से धैर्य रखने की अपील
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण कई वाहन सड़क पर फंस गए थे। इस दौरान कुमाऊँ आयुक्त ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही रास्ता साफ कर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
उन्होंने उन दोपहिया वाहन चालकों को भी रोका, जो जोखिम उठाकर पेड़ के नीचे या किनारे से निकलने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे हालात में जल्दबाजी न करें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
किसी प्रकार की जनहानि नहीं
समय पर की गई कार्रवाई के चलते घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई। मार्ग से पेड़ हटने के बाद यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।
कुमाऊँ आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों की टीमों की सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
