गैरसैंण (चमोली)। गैरसैंण में आयोजित कृषि, उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले का शुभारंभ कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल नौटियाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की मातृशक्ति, जनप्रतिनिधियों, विद्यालयी छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मेले में प्रतिभाग किया।
लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का माध्यम हैं मेले
शुभारंभ अवसर पर विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि मेले केवल मनोरंजन और उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये लोकसंस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को संजोने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों में पहाड़ की मिट्टी की सुगंध, लोकजीवन की आत्मीयता और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलती है। मेले नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन
विधायक ने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता, आपसी प्रेम, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही स्थानीय किसानों, काश्तकारों और उद्यानिकी से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करने के साथ क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को नई पहचान देने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक मजबूती के लिए कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन का विकास बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं और उत्पादों को मंच उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन समिति का जताया आभार
विधायक अनिल नौटियाल ने मेले के आयोजन को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और विकास की दिशा में सराहनीय पहल बताया। उन्होंने मेला आयोजन समिति एवं मेला अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख गैरसैंण दुर्गा देवी का आत्मीय आमंत्रण एवं स्वागत-सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने मेले की सफलता की कामना करते हुए कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आर्थिक समृद्धि को नई दिशा प्रदान करे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
