74वें गौचर मेले की तैयारियों में सफाई व्यवस्था पर जोर, 43 कर्मचारी और 4 कूड़ा वाहन तैनात

गौचर (चमोली)। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को लेकर भी कमर कस ली है। मेले के दौरान गौचर नगर क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न नगर निकायों से 43 सफाई कर्मियों और चार कूड़ा वाहनों की तैनाती की गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने आदेश जारी किए हैं।

गौचर में 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले में बड़ी संख्या में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सफाई व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। नगर पालिका परिषद गौचर में पर्याप्त संख्या में पर्यावरण मित्र उपलब्ध नहीं होने के कारण अन्य नगर निकायों से अतिरिक्त कर्मचारियों और कूड़ा वाहनों की व्यवस्था की गई है।

11 से 22 नवंबर तक रहेगी कर्मचारियों की तैनाती

जारी आदेश के अनुसार, 11 नवंबर से 22 नवंबर तक विभिन्न नगर निकायों से सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसमें कर्णप्रयाग से एक मुख्य सफाई निरीक्षक और सात सफाई कर्मी, गैरसैंण से एक स्थायी पर्यावरण पर्यवेक्षक और छह सफाई कर्मी तथा पोखरी से एक स्थायी पर्यावरण पर्यवेक्षक और पांच सफाई कर्मी शामिल हैं।

इसके अलावा पीपलकोटी से पांच, गोपेश्वर से सात, नंदप्रयाग से पांच और थराली से पांच सफाई कर्मियों को तैनात किया जाएगा।

चार नगर निकाय उपलब्ध कराएंगे कूड़ा वाहन

सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए गोपेश्वर, नंदप्रयाग, थराली और कर्णप्रयाग नगर निकायों से एक-एक कूड़ा वाहन भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस तरह मेले के दौरान कुल 43 कार्मिक और चार कूड़ा वाहन स्वच्छता व्यवस्था संभालेंगे।

लापरवाही न बरतने के निर्देश

जिला प्रशासन ने संबंधित नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों एवं नगर पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि तैनात कार्मिकों की उपस्थिति मेला अधिकारी और उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग के समक्ष सुनिश्चित कराई जाए। निर्धारित अवधि के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

प्रशासन की इस पहल से मेले के दौरान बाजार, मेला मैदान और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें