नैनीताल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कें नदी में तब्दील

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश एवं तेज हवाओं ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। देर रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह भी जारी रही, जबकि पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई।

सड़कों पर नदी की तरह बहा पानी

लगातार बारिश के कारण कई नालों के जाम होने से बारिश का पानी सड़कों पर भर गया और कई स्थानों पर सड़कें नदी का रूप लेती नजर आईं। वहीं नाले और गधेरे उफान पर हैं, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

कोहरे और बारिश से प्रभावित हुई दिनचर्या

सुबह से घने कोहरे के कारण आमने-सामने का दृश्य भी स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहा था। मौसम की खराबी के चलते पर्यटक होटलों और दुकानों में ही रुके रहे, जबकि स्थानीय दुकानदार भी बारिश थमने का इंतजार करते रहे।

बढ़ी ठंड, झील का जलस्तर भी बढ़ा

लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का असर बढ़ गया है। वहीं नैनी झील के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखी गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें